पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सरकार दोबारा बनेगी और प्रदेश के विकास की रफ्तार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब उनके लिए एक परिवार की तरह है और सरकार की योजनाओं का लाभ देने में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य बीमा और महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
भगवंत मान ने पिछली कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में पंजाब विकास के मामले में पीछे रह गया। मौजूदा सरकार प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब को बिजली के खंभों और तारों से मुक्त बनाने का सपना भी साझा किया। उन्होंने कहा कि बिजली की तारों को जमीन के नीचे बिछाने की योजना पर काम करना उनका लक्ष्य है, जिससे शहरों की सुंदरता और सुरक्षा बेहतर होगी।
उन्होंने दल बदलने वाले नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बार-बार पार्टियां बदलने वाले नेताओं से जनता को सावधान रहना चाहिए।


