हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान करें। जनसमस्याओं के निपटारे में लापरवाही या देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अनिल विज 12 नवंबर को अंबाला छावनी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि तहसील में पटवारी पिछले आठ महीने से इंतकाल नहीं कर रहा है। मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम को जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में पटवारी दोषी पाया जाता है तो उसे निलंबित किया जाए।

मंत्री ने कबूतरबाजी के मामलों में भी अंबाला एसपी को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान उन्होंने गौशालाओं को आर्थिक सहायता के चेक भी बांटे। रामबाग गौशाला समिति को 27.13 लाख और गांव खतौली गौशाला समिति को 4 लाख रुपये दिए गए। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 635 गौशालाओं के लिए सरकार ने 87.50 करोड़ रुपये की सहायता दी है।

वहीं, अंबाला के शहीदी स्मारक को लेकर उन्होंने बताया कि निशुल्क टिकट की घोषणा के बाद पूरे महीने की बुकिंग कुछ ही घंटों में पूरी हो गई। स्कूली बच्चों और सभी वर्गों के लिए टिकट की व्यवस्था की जाएगी।

Related Posts