मोहाली/खरड़: जिला रेडक्रॉस सोसायटी, साहिबजादा अजीत सिंह नगर की ओर से सामाजिक सरोकारों के तहत ज्योति सरूप कन्या आसरा, खरड़ में रह रही लड़कियों को सर्दियों के मौसम के लिए 135 ट्रैक सूट वितरित किए गए। यह ट्रैक सूट जिला रेडक्रॉस सोसायटी की अध्यक्ष एवं उपायुक्त कोमल मित्तल और एडीसी (जनरल) गीतिका सिंह ने लड़कियों को सौंपे।

इस दौरान उपायुक्त कोमल मित्तल और एडीसी गीतिका सिंह ने सभी लड़कियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संस्था के प्रयासों की डीसी ने की सराहना

उपायुक्त कोमल मित्तल ने ज्योति सरूप कन्या आसरा, खरड़ के प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लड़कियों की देखभाल, सुरक्षा और कल्याण के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना मानव सेवा की भावना को दर्शाता है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन और जिला रेडक्रॉस सोसायटी जरूरतमंद लोगों तथा सामाजिक संस्थाओं की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

रेडक्रॉस सोसायटी के अधिकारी भी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव हरबंस सिंह और ज्योति सरूप कन्या आसरा के प्रबंधन सदस्य रणधीर सिंह तथा डॉ. हरमिंदर सिंह भी उपस्थित रहे। संस्था के प्रबंधन सदस्यों ने इस नेक पहल के लिए जिला प्रशासन और जिला रेडक्रॉस सोसायटी का आभार व्यक्त किया।

Related Posts