हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हरियाणा में खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रदेश में आकर डिबेट कर सकते हैं। इसके लिए वह खुद जगह उपलब्ध करवाएंगे। बहस में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी शामिल होंगे और राहुल गांधी से सवाल पूछेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय चुनाव आयोग या अदालत में अपनी शिकायत रखे। मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत के लिए चुनाव आयोग ने पूरी प्रक्रिया तय की है। केवल आरोप लगाने से कुछ हासिल नहीं होगा।
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे बैंक खातों में मिल रहा है।
सैनी ने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों को फसल खरीद के 48 से 72 घंटे के भीतर भुगतान किया जा रहा है। देरी होने पर ब्याज देने का भी प्रावधान है, जबकि पंजाब के किसानों को फसल बेचने और भुगतान लेने में परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं, किसानों और गरीब परिवारों के लिए किए गए वादों को पूरा करने पर काम कर रही है।


