हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने महेंद्रगढ़ जिले की नांगल चौधरी, नारनौल और अटेली अनाज मंडियों का दौरा कर फसल खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने और समय पर भुगतान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दे रही है। यदि किसी किसान की फसल मंडी में MSP से कम कीमत पर बिकती है तो भावांतर भरपाई योजना के तहत अंतर की भरपाई की जाती है।
दौरे के दौरान मंत्री ने मंडियों में फसल की आवक, खरीद, उठान और किसानों को भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी बातचीत की।
श्याम सिंह राणा ने किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में अपनी फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।


