एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली हरियाणा की निशानेबाज सुरुचि फोगाट का झज्जर पहुंचने पर सम्मान किया गया। जिला प्रशासन की ओर से डीसी वर्षा खांगवाल ने उन्हें शाल भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य बात: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और खेल मंत्री गौरव गौतम ने फोन पर सुरुचि को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ी को आगे भी मेहनत जारी रखने और देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
सुरुचि को एपीसीपीएल की ओर से सीएसआर के तहत खेल उपकरण भी दिए गए। डीसी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड जीतना झज्जर जिले के लिए गर्व की बात है। सुरुचि की सफलता दूसरे युवा खिलाड़ियों को भी मेहनत और खेल के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।
सुरुचि ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी करेंगी। खिलाड़ी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया।
इस मौके पर सुरुचि की मां सुदेश देवी, भाई निशांत और कई अधिकारी मौजूद रहे।


