हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार सुधर रहा है। वर्ष 2013-14 में सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 32 से 38 प्रतिशत के बीच रहता था, जो अब बढ़कर 90 से 94 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों की सोच में भी बदलाव आया है।
शिक्षा मंत्री शुक्रवार को सोनीपत के गन्नौर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित वार्षिक शैक्षणिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने पढ़ाई के पुराने तरीकों में बदलाव किया है। अब विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय उनकी प्रतिभा, कौशल और सोचने-समझने की क्षमता को विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं को रोजगार पाने के साथ खुद रोजगार देने वाला बनने के अवसर मिल रहे हैं। हरियाणा सरकार भी युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सवाल पूछने की क्षमता और सामाजिक मुद्दों की समझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में नेतृत्व और तार्किक सोच विकसित करती हैं।


