स्कूली छात्रों में ऊर्जा बचाने की आदत और जागरूकता बढ़ाने के लिए भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय ने राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता-2026 की घोषणा की है। प्रतियोगिता की थीम “अपनी कल्पना से भविष्य को रंग दें” रखी गई है।
मुख्य बात: प्रतियोगिता में कक्षा 5वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। कक्षा 5 से 7 के छात्रों के लिए समूह-क और कक्षा 8 से 10 के छात्रों के लिए समूह-ख बनाया गया है। चित्रों के विषय “स्कूल और घर पर ऊर्जा बचाएं” और “ऊर्जा संरक्षण ऊर्जा सुरक्षा की कुंजी है” हैं।
राज्य स्तर पर दोनों समूहों के प्रथम विजेता को 50 हजार रुपये और स्वर्ण पदक, दूसरे स्थान पर 30 हजार रुपये और रजत पदक तथा तीसरे स्थान पर 20 हजार रुपये और कांस्य पदक मिलेगा। 10 छात्रों को 7,500 रुपये के प्रशंसा पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, लैपटॉप और स्वर्ण पदक है। दूसरे और तीसरे विजेताओं को 50 हजार और 30 हजार रुपये के साथ लैपटॉप व पदक मिलेंगे।
पेंटिंग जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के विद्यार्थी निर्धारित नोडल अधिकारी के पते पर पेंटिंग भेज सकते हैं।


