शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के लघु सचिवालय में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने भगत सिंह को याद करते हुए उनके बलिदान और देश के प्रति समर्पण को नमन किया।
अनिल विज ने कहा कि भगत सिंह ने बहुत कम उम्र में देश की आजादी के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया। जिस उम्र में युवा अपने भविष्य और सपनों को लेकर आगे बढ़ते हैं, उस उम्र में भगत सिंह ने देश के लिए फांसी का रास्ता चुना।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सोच और देश के लिए किया गया बलिदान हमेशा याद रहेगा। हमें उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए काम करना चाहिए।
विज ने कहा कि आज भी समाज में भ्रष्टाचार और दूसरी बुराइयों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की जरूरत है। देश को आगे बढ़ाने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


