हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन लोगों को नशे और बेरोजगारी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब के दसूहा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी विफल रही हैं।
सैनी ने कहा कि हरियाणा ने पिछले 60 वर्षों में देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रदेश में विकास कार्यों और सुशासन को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने हरियाणा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में युवाओं को रोजगार देने, किसानों के हितों की रक्षा करने और गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है।
उन्होंने पंजाब की जनता से विकास और सुशासन को प्राथमिकता देने की अपील की। रैली में बड़ी संख्या में लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


