केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला भारतीय संस्कृति, पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का अच्छा मंच है। भविष्य में इसे और भव्य बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लाइट एंड साउंड शो और खेल गतिविधियों को शामिल करने की योजना बनाई जाएगी।

वे सोमवार को फरीदाबाद में आयोजित तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले के समापन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के दौरान करीब 50 हजार लोग मेले में पहुंचे। यहां 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिन पर हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए गए।

मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में पारदर्शी शासन और योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरी देना व्यवस्था में बदलाव का उदाहरण है। सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिले।

उन्होंने लोगों से दीपावली पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक एकता मजबूत करने की अपील की।

हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह मेला वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को मजबूती दे रहा है। उन्होंने लोगों से स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों के उत्पाद खरीदने की अपील की, ताकि उन्हें रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिल सकें।

Related Posts