गुरुग्राम में बढ़ते धूल-मिट्टी के प्रदूषण को कम करने के लिए नगर निगम विशेष सफाई अभियान चलाएगा। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को सड़कों की नियमित डीप क्लीनिंग और पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की सफाई, कचरा प्रबंधन और सड़क सुधार कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रदूषण से राहत देने के लिए सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।

28 अक्टूबर से शुरू होगा कचरा संग्रहण

नगर निगम घर-घर से कचरा उठाने के लिए 28 अक्टूबर से पहले चरण में 100 वाहन तैनात करने की तैयारी कर रहा है। इस योजना के तहत कुल 875 वाहन चलाए जाएंगे। इनमें 675 हल्के व्यावसायिक वाहन, 184 ई-रिक्शा और 16 कॉम्पैक्टर शामिल हैं।

बंधवाड़ी में 42.95 लाख टन कचरे का निस्तारण

बैठक में बताया गया कि 20 अक्टूबर 2026 तक बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर 58.50 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा पहुंचा था। इसमें से 42.95 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया जा चुका है।

सड़क सुधार कार्यों की समीक्षा में सामने आया कि 24-आवर चैलेंज के तहत मिली 3,815 शिकायतों में से 3,041 का समाधान हो चुका है, जबकि 774 शिकायतें लंबित हैं। मंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Related Posts