पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट 2026 में हिस्सा लेने वाली सभी छह टीमों का आगमन हो चुका है। रविवार को दक्षिण कोरिया की पुरुष हॉकी टीम का मोहाली एयरपोर्ट पर ढोल, भांगड़ा और रंग-बिरंगी फुलकारियों के साथ स्वागत किया गया। खिलाड़ियों और टीम के अधिकारियों को पंजाब की संस्कृति और मेहमाननवाजी की झलक देखने को मिली।
यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में आयोजित होगा। मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
दक्षिण कोरिया की टीम 20 सदस्यों के दल के साथ पहुंची है। इसमें गोलकीपर किम जेह्योन और सोन तेमिन सहित कई खिलाड़ी शामिल हैं।
पंजाब सरकार ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए ठहरने, आने-जाने, सुरक्षा और अभ्यास की व्यवस्था की है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देना और प्रतियोगिता को सुचारू रूप से आयोजित करना है।
सभी छह टीमों के पहुंचने के बाद टूर्नामेंट को लेकर उत्साह बढ़ गया है। इस प्रतियोगिता में एशिया की प्रमुख हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। जालंधर और मोहाली में मुकाबले होने से पंजाब की हॉकी परंपरा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


