पंचकूला, 11 मई : कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमें यह याद दिलाता है कि राष्ट्र जहां संविधान की धाराओं से संचालित होता है, वहीं वह अपनी सांस्कृतिक स्मृतियों, प्रतीकों और आत्मगौरव से जीवित रहता है। जिस समाज को अपने इतिहास पर गर्व नहीं होता, वह भविष्य का नेतृत्व नहीं कर सकता।

विधायक शक्ति रानी शर्मा आज महादेव मंदिर सकेतड़ी में आयोजित जिलास्तरीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्मृति समारोह नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता के पुनर्जागरण, सांस्कृतिक आत्मविश्वास और राष्ट्रीय स्वाभिमान का उत्सव है।

इस अवसर पर उपायुक्त सतपाल शर्मा भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने ऑनलाइन माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ के दौरान दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण देखा।

महादेव मंदिर सकेतड़ी पहुंचने पर अतिरिक्त उपायुक्त  निशा यादव ने विधायक  शक्ति रानी शर्मा का स्वागत किया। इसके उपरांत विधायक ने शिव मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कलश यात्रा को रवाना किया। सैकड़ों महिलाओं ने बैंड-बाजे की धुनों पर नृत्य करते हुए सिर पर जल कलश लेकर मंदिर परिसर की परिक्रमा की। महिलाओं ने भगवान शिव पर जल अर्पित कर यात्रा का समापन किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भूमि रही है। महाभारत की इस पुण्य भूमि ने सदैव धर्म और राष्ट्रधर्म का मार्ग दिखाया है। इसलिए सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल गुजरात का नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत की सांस्कृतिक चेतना का पर्व है।

Related Posts