पंजाब सरकार ने नवांशहर (एसबीएस नगर) में मेडिकल कॉलेज और टीचिंग अस्पताल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने इस परियोजना के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) जारी कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने इसे दोआबा क्षेत्र के लोगों के लिए दिवाली का तोहफा बताया।
करीब 160 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत नवांशहर के मौजूदा 150 बेड वाले जिला अस्पताल को 220 बेड के मेडिकल टीचिंग अस्पताल में बदला जाएगा। इसके साथ 30 बेड का सुपर स्पेशियलिटी हार्ट केयर सेंटर भी बनाया जाएगा। यहां एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, मेडिकल कॉलेज में हर साल एमबीबीएस की 50 सीटें होंगी। इनमें से 50 फीसदी सीटें पंजाब सरकार के कोटे में रहेंगी। कॉलेज का निर्माण अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है और करीब डेढ़ साल में इसे चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इससे नवांशहर, बलाचौर, रोपड़, बंगा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा। अस्पताल में ओपीडी पर्ची 10 रुपये की ही रहेगी। पात्र मरीजों को मुख्यमंत्री सेहत योजना और आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त कैशलेस इलाज भी मिलेगा। जरूरी दवाएं मुफ्त और जांच रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी।


