भारत ने मोहाली में खेले गए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड बनाया। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी सात मुकाबले जीते।
फाइनल में जापान ने शुरुआत में ही बढ़त बना ली थी। तीसरे मिनट में काजुमासा मात्सुमोटो ने गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक जापान की बढ़त कायम रही।
दूसरे हाफ में भारत ने वापसी की। शिलानंद लकड़ा ने 42वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर किया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 47वें, जुगराज सिंह ने 52वें और विवेक सागर प्रसाद ने 53वें मिनट में गोल करके भारत को 4-1 से जीत दिलाई।
इससे पहले कांस्य पदक के मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 5-2 से हराया। मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में फाइनल देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। टूर्नामेंट का लीग चरण जालंधर में खेला गया था।


