पंजाब में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने छह नए फूड सेफ्टी अफसरों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह नियुक्तियां राज्य में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा की निगरानी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की गई हैं।

नियुक्त किए गए अधिकारियों में अनीश पाल सिंह, शिवाली बावा, गुरलीन कौर, ईशा रानी, प्रियंका और शुभम शर्मा शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि हर नागरिक को साफ, सुरक्षित और मिलावट रहित भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। नए अधिकारियों की नियुक्ति से खाद्य सुरक्षा विभाग की फील्ड स्तर पर निगरानी और कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी अफसर नियमित रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाएंगे और जांच के बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

नए अधिकारियों को विभाग की जरूरत के अनुसार राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इस मौके पर प्रधान सचिव स्वास्थ्य कुमार राहुल समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts