संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा में संविधान पखवाड़ा के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने महात्मा गांधी की प्रतिमा और भारतीय संविधान को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, अन्य मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
विधानसभा परिसर के लाइब्रेरी क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।
कार्यक्रम का मुख्य विषय हरियाणा की 60 साल की विकास यात्रा और विकसित हरियाणा के लक्ष्य में आम लोगों की भागीदारी रहा। साथ ही नागरिकों को संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। मुख्यमंत्री सहित सभी उपस्थित लोगों ने इसे दोहराया और संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।


