हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में कई सुधारों पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वास्थ्य विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए अस्पतालों में स्टाफ की उपलब्धता, इलाज की सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या अधिक है, वहां डॉक्टरों और सहायक स्टाफ को स्पेशल इंसेंटिव देने की व्यवस्था की जाएगी। इससे अस्पतालों में काम करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

बैठक में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, रेडियोलॉजिस्ट और कॉर्डियोलॉजिस्ट के खाली पदों को जल्द भरने के निर्देश भी दिए गए। सरकार का लक्ष्य अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाना है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए दूसरी जगह न जाना पड़े।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आंखों के मरीजों में होने वाली डायबिटिक रैटिनोपैथी का सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज किया जाएगा।

इसके अलावा प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों को ऑनलाइन जोड़ा जाएगा। इससे मरीज के पंजीकरण से लेकर जांच, इलाज और दवा देने तक की प्रक्रिया की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी। सरकार के अनुसार, डिजिटल व्यवस्था से अस्पतालों की सेवाओं में पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।

Related Posts