पंजाब सरकार ने ITI इंस्ट्रक्टरों और PUNBUS-PRTC के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सोमवार को कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं।

PUNBUS और PRTC के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की मांगों पर मंत्री ने परिवहन विभाग को 15 अक्टूबर तक जरूरी कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मंजूरी जरूरी है, उनके लिए जल्द बैठक आयोजित की जाए, ताकि फैसलों में देरी न हो।

वहीं, सरकारी ITI में काम कर रहे कॉन्ट्रैक्ट इंस्ट्रक्टरों ने नौकरी की सुरक्षा और वेतन बढ़ोतरी से जुड़ी मांगें रखीं। कर्मचारियों ने लंबे समय से गेस्ट फैकल्टी और कॉन्ट्रैक्ट इंस्ट्रक्टर के तौर पर काम करने का हवाला देते हुए सेवा अवधि और वेतन में सुधार की मांग की।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि ITI कर्मचारियों की मांगों पर उनकी सेवा और अनुभव को ध्यान में रखकर विचार किया जाएगा। उन्होंने तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को इंस्ट्रक्टरों के वेतन संशोधन का प्रस्ताव जल्द तैयार कर वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारी संगठनों के साथ बातचीत के जरिए उनकी जायज मांगों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Posts