मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। इनमें रणजीत सागर और शाहपुर कंडी बांध क्षेत्र के विकास, चुनाव कार्यालय में नए पद, नर्सिंग स्टाफ की पदोन्नति और PICTES कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने से जुड़े फैसले शामिल हैं।
कैबिनेट ने रणजीतगढ़ डेवलपमेंट अथॉरिटी बिल, 2026 को मंजूरी दी। इसका उद्देश्य रणजीत सागर और शाहपुर कंडी बांध क्षेत्रों को योजनाबद्ध, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। प्रस्तावित अथॉरिटी को विकास, जमीन प्रबंधन और परियोजनाओं से जुड़े कामों के लिए प्रशासनिक, वित्तीय और नियामक अधिकार दिए जाएंगे।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के कार्यालय में ड्राइवरों के नए पद बनाने को भी मंजूरी मिली। इसके लिए कुछ मौजूदा पदों को समाप्त कर नए पद बनाए जाएंगे। इससे कार्यालय के कामकाज को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट ने पंजाब नर्सिंग एजुकेशन सर्विस रूल्स में बदलाव को भी मंजूरी दी। इसके तहत सरकारी नर्सिंग कॉलेजों में ट्यूटर के पदों पर योग्य स्टाफ नर्सों और नर्सिंग सिस्टर्स को पदोन्नति का मौका मिलेगा। इसके लिए संबंधित विषय में M.Sc. Nursing की योग्यता जरूरी होगी।
इसके अलावा PICTES के तहत कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने को भी मंजूरी दी गई। नियमित होने वाले कर्मचारियों को तय वेतनमान का लाभ मिलेगा।


