पंजाब सरकार ने 180 ETT शिक्षकों की वेतन से जुड़ी समस्या को दूर करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षकों को उनके जूनियर कर्मचारियों के बराबर वेतन देने के मुद्दे पर सहमति बनी।
बैठक में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, वित्त विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 180 ETT टीचर्स यूनियन (जय सिंह वाला केस) के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने अपनी मांगें और मामले से जुड़े दस्तावेज रखे।
शिक्षकों की बात सुनने के बाद सरकार ने उनकी वेतन संबंधी शिकायत का समाधान करने पर सकारात्मक रुख अपनाया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मामले की चल रही जांच की रिपोर्ट बिना देरी के मंगवाई जाएगी।
उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि जांच रिपोर्ट मिलते ही उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए। सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया को जल्द पूरा कर शिक्षकों की वेतन विसंगति से जुड़ी समस्या का समाधान करने की कोशिश की जाएगी।
बैठक में कमल ठाकुर, सोहन सिंह, गुरमुख सिंह, गौरव कांत, गुरप्रीत सिद्धू और परशोत्तम कुमार ने 180 ETT शिक्षकों की ओर से मामला रखा।


