हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में पानी की हर बूंद का सही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को माइक्रो इरिगेशन (सूक्ष्म सिंचाई) अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए और सब्सिडी मिलने में किसी तरह की देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गन्ना किसानों को ड्रिप इरिगेशन तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही किसान अपना 15 प्रतिशत अंशदान जमा करवाएंगे, उन्हें सिंचाई के उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।
सरकार का उद्देश्य आधुनिक सिंचाई तकनीकों के जरिए पानी की बचत करना और खेती की लागत कम करने में किसानों की मदद करना है। इसके लिए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने को कहा गया है।
इसके अलावा, महेंद्रगढ़, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, भिवानी और झज्जर जिलों में 61 आउटलेट के माध्यम से करीब 11,040 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को कवर करने की तैयारी की जा रही है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।


