पंजाब सरकार की ‘पंजाब दा करोड़पति’ पहल युवाओं के ज्ञान और प्रतिभा को नई पहचान देने जा रही है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विद्यार्थियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं के सामान्य ज्ञान को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सरकारी नौकरी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद करेगी।
रयात एंड बाहरा यूनिवर्सिटी, खरड़ में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान चीमा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा से जोड़ना है। प्रतियोगिता के ऑनलाइन चरण 21 नवंबर 2026 से शुरू होंगे।
इसमें पंजाब के 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के निवासी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता कुल 11 चरणों में होगी। पहले नौ चरण ऑनलाइन होंगे। इसके बाद सभी 23 जिलों में जिला स्तरीय मुकाबले और अंत में राज्य स्तरीय फाइनल आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के विजेता को एक करोड़ रुपये का पुरस्कार मिलेगा। चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में जगह बनाने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। अलग-अलग चरणों में कुल 10 हजार प्रतिभागियों को पुरस्कार देने का भी प्रावधान है।
प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, भूगोल, संस्कृति, कला, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं और शासन व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इससे युवाओं को कांस्टेबल, पटवारी और पीसीएस जैसी परीक्षाओं की तैयारी में भी लाभ मिलेगा।


