पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बठिंडा की अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

मंत्री ने बताया कि इस सीजन में राज्य की मंडियों में अब तक 21 लाख मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है, जिसमें से 20 लाख मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है। किसानों को धान की फसल के बदले ₹2,511 करोड़ का भुगतान भी किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की फसल की समय पर खरीद और भुगतान सुनिश्चित करना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में अच्छी तरह सूखा धान ही लेकर आएं, ताकि खरीद में देरी न हो।

पराली जलाने से बचने की अपील

पराली प्रबंधन पर मंत्री ने कहा कि किसान फसल अवशेषों को बिना जलाए संभालने के लिए आधुनिक कृषि मशीनों और तकनीक का इस्तेमाल करें। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे पर्यावरण की सुरक्षा में मदद मिलेगी। मंत्री के अनुसार, पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य में धान खरीद को लेकर कोई बड़ी परेशानी सामने नहीं आई है।

 

Related Posts