पंजाब की भगवंत मान सरकार सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। पंजाब शिक्षा क्रांति अभियान के तहत राज्य के सरकारी स्कूलों में एक साल के भीतर कुल 56,183 कंप्यूटर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 40,003 कंप्यूटर पहले ही स्कूलों में पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि 16,180 कंप्यूटर 1 दिसंबर तक उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा और आधुनिक तकनीक का लाभ मिलना चाहिए। सरकार का उद्देश्य है कि गांव और शहर के सभी बच्चों को बेहतर भविष्य बनाने के समान अवसर मिलें।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब शिक्षा क्रांति अभियान से स्कूलों की सुविधाओं के साथ बच्चों के लिए शिक्षा के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।
इसके अलावा, इसी साल कक्षाओं को डिजिटल बनाने के लिए 8,268 इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल भी स्कूलों को दिए गए हैं। सरकार दिसंबर तक 2,004 और सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करेगी। इससे विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा और कंप्यूटर सीखने का बेहतर मौका मिलेगा।


