हरियाणा के यमुनानगर जिले के बिलासपुर में 20 से 24 नवंबर तक पांच दिवसीय राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेले को भव्य और दिव्य रूप दिया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं में कोई कमी न रहे।
मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात और ठहरने सहित सभी जरूरी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।
करीब 122 एकड़ क्षेत्र में आयोजित होने वाला यह मेला आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का खास संगम होगा। इस बार मेले में गुरु नानक देव जी के जीवन पर आधारित ड्रोन शो और लाइट एंड साउंड शो मुख्य आकर्षण रहेंगे।
इसके अलावा, सिख धर्म के दस गुरुओं के गौरवशाली इतिहास और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे धार्मिक आयोजन का अनुभव अच्छी तरह कर सकें।


