बिना किसी बड़े लॉन्च इवेंट के कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की बिक्री शुरू हो गई है। सोनिया गांधी ने इसे अपनी निजी यादों पर आधारित मेमॉयर बताया है। उनका कहना है कि यह किताब राजनीतिक नहीं, बल्कि प्रेम, परिवार और रिश्तों की कहानी है। उन्होंने इसे अपने पोते-पोतियों को समर्पित किया है।
किताब के कवर पर सोनिया गांधी की तस्वीर है, जिसे राजीव गांधी ने 1968 में क्लिक किया था। शुरुआती पन्ने पर उन्होंने इसे अपने बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों रेहान व मिराया के नाम समर्पित किया है।
HarperCollins India द्वारा प्रकाशित इस किताब में कुल सात अध्याय हैं। इनमें राजीव गांधी से पहली मुलाकात, प्यार, शादी, भारत आगमन और राजीव गांधी के निधन के बाद के जीवन का जिक्र किया गया है। किताब में 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम और प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के फैसले पर भी सोनिया गांधी ने अपनी बात रखी है।
2004 में ही कर लिया था PM नहीं बनने का फैसला
किताब का एक अहम हिस्सा 2004 में प्रधानमंत्री पद को लेकर सोनिया गांधी के फैसले से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। राहुल और प्रियंका भी उन्हें इस पद पर नहीं देखना चाहते थे। उनके मन में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की दुखद हत्याओं की यादें थीं। सोनिया गांधी के मुताबिक, प्रधानमंत्री बनने से उनकी जान को भी बड़ा खतरा हो सकता था।
कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात
सोनिया गांधी ने किताब में राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात और पहली नजर के प्यार का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि 19 साल की उम्र में वह अंग्रेजी सीखने के लिए इटली से कैम्ब्रिज गई थीं। वहां एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी नजर राजीव गांधी पर पड़ी।
बाद में पारिवारिक मित्र क्रिश्चियन वॉन स्टिग्लिट्ज ने दोनों की मुलाकात कराई। सोनिया के मुताबिक, पहली मुलाकात के बाद दोनों करीब आने लगे। साथ घूमना, पार्टियों में जाना और एक-दूसरे के साथ वक्त बिताना उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया।
राजीव गांधी पहली बार वैलेंटाइन डे के मौके पर सोनिया को एक पार्टी में लेने पहुंचे थे। सोनिया ने बताया कि उन्हें देखकर राजीव कुछ घबरा गए थे। धीरे-धीरे दोनों को महसूस होने लगा कि वे पूरी जिंदगी एक-दूसरे के साथ बिताना चाहते हैं।
किताब में कुछ रचनाओं को भी शामिल किया गया है। इनमें एक रचना में साथ चलने, साथ बोलने और विचारों व उद्देश्य को एक रखने का संदेश दिया गया है।


