पंजाब सरकार ने राज्य में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और मछली पालकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए मत्स्य विभाग को और मजबूत किया है। पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मंगलवार को विभाग में नियुक्त दो नए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें एक मल्टीपर्पज फिशरीज स्किल्ड वर्कर और एक मछुआरा शामिल है।

मंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक मत्स्य विभाग में कुल 55 कर्मचारियों की भर्ती की जा चुकी है। इससे विभाग की प्रशासनिक और मैदानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि नए कर्मचारियों की नियुक्ति से मछली पालकों को तकनीकी सहायता और विभागीय सेवाएं बेहतर तरीके से मिल सकेंगी।

खुड्डियां ने कहा कि सरकार राज्य में मछली पालन को बढ़ावा देने के साथ टिकाऊ तरीके अपनाने पर भी ध्यान दे रही है। इससे मछली उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार में मदद मिलेगी।

विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी और जमीनी स्तर पर सहयोग के जरिए मछली पालकों की आजीविका बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है।

Related Posts