हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दौरान पंजाब और हरियाणा मूल के उद्योगपतियों व कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात की। बैठक में उन्होंने प्रवासी भारतीयों से हरियाणा में निवेश करने और प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में भारतीय समुदाय अपनी मेहनत, प्रतिभा और कारोबार के जरिए देश का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों का अनुभव और विशेषज्ञता भारत के विकास में अहम योगदान दे सकता है।
सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र की नीतियों से निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचे और कारोबार के नए अवसर बने हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अपनी बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत सड़क और रेल संपर्क, कुशल मानव संसाधन तथा निवेश के अनुकूल नीतियों के कारण उद्योगों के लिए आकर्षक राज्य बन रहा है। उन्होंने उद्योगपतियों को प्रदेश में निवेश के अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया।
सैनी ने सिंगापुर में मौजूद उद्योगपतियों को हरियाणा आने और चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर में मुलाकात का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने सहयोग और संवाद जारी रखने की बात कही।


