अमृतसर के सीमावर्ती इलाकों के 167 गांवों के लोगों को अब नहर के पानी से साफ पेयजल मिलेगा। पंजाब सरकार ने इन गांवों के लिए 266.95 करोड़ रुपये की बहु-गांव जल आपूर्ति योजना शुरू की है। जल आपूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने योजना शुरू की।
योजना से करीब 45,343 घरों और 2.86 लाख ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। इसके तहत कंडोवाली और मझूपुरा में 39 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किए गए हैं। यहां अपर बारी दोआब नहर की लाहौर ब्रांच से आने वाले पानी को साफ कर पीने योग्य बनाया जाएगा।
गांवों तक पानी पहुंचाने के लिए 285.97 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। साथ ही 20 पानी की टंकियां बनाई जा रही हैं। यह योजना अजनाला, मजीठा, हरसा छीना और चोगावां ब्लॉक के गांवों को कवर करेगी।
मंत्री ने कहा कि इस योजना से भूजल पर निर्भरता कम होगी और राहत मिलेगी। कई गांवों में भूजल में टीडीएस और आर्सेनिक की समस्या सामने आई थी। नहर आधारित यह योजना लोगों को सुरक्षित पानी देने के साथ जलजनित बीमारियों का खतरा कम करने में मदद करेगी। इससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।


