जियो ने छोटे और ऑफलाइन दुकानदारों के लिए ‘स्मार्ट शॉप’ का कॉन्सेप्ट पेश किया है। इसका मकसद दुकानदारों को डिजिटल टूल्स की मदद से ग्राहकों तक पहुंचने, उन्हें दुकान तक लाने और दोबारा जोड़ने में मदद करना है। इसे 7 से 10 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में प्रदर्शित किया जा रहा है।
स्मार्ट शॉप के जरिए दुकानदार सोशल मीडिया पर अपने उत्पादों का कैटलॉग और पोस्ट तैयार कर आसपास के ग्राहकों तक पहुंच सकते हैं। ग्राहक दुकान पर आने के बाद क्यूआर कोड स्कैन करके वाई-फाई से जुड़ सकता है। इसी माध्यम से उसे दुकान के ऑफर और डिस्काउंट कूपन व्हाट्सऐप पर मिल सकते हैं।
सिस्टम में एक डैशबोर्ड भी दिया गया है, जिससे दुकानदार ग्राहकों की विजिट से जुड़ी जानकारी देख सकता है। इसमें ग्राहक के आने, रुकने और दोबारा आने जैसी जानकारी शामिल हो सकती है। कई दुकानों वाले कारोबारी एक ही डैशबोर्ड से अलग-अलग आउटलेट की जानकारी देख सकेंगे।
फिलहाल स्मार्ट शॉप को टेक्नोलॉजी डेमो के रूप में पेश किया गया है। जियो ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि आगे कितने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इससे जोड़े जाएंगे।


