हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लुधियाना में बाबा बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की हनुमान कथा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान हनुमान को नमन करते हुए पंजाब की धरती और गुरु साहिबान की महान परंपरा को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमान जी केवल शक्ति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि भक्ति, सेवा, साहस, समर्पण और विनम्रता के भी आदर्श हैं। उनका जीवन सेवा और लोक कल्याण के लिए समर्पित रहा।

सीएम सैनी ने युवाओं से नशे, निराशा और नकारात्मक सोच से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में लगाएं। मुश्किल परिस्थितियों का सामना आत्मविश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं की ऊर्जा भारत की बड़ी ताकत है। जीवन में अनुशासन, मेहनत, संस्कार और सकारात्मक सोच को अपनाकर युवा देश की प्रगति में अहम योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में आधुनिक तकनीक और ज्ञान जरूरी हैं, लेकिन इसके साथ अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। बच्चों में माता-पिता और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखना जरूरी है।

Related Posts