हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अच्छे और प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाने का माध्यम है। उन्होंने इसे देश के महापुरुषों, समाजसेवियों और सकारात्मक प्रयासों से लोगों को जोड़ने वाला कार्यक्रम बताया।
अनिल विज ने रविवार को अंबाला छावनी के सेंट्रल फीनिक्स क्लब में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां एपिसोड देखा। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कार्यक्रम में उठाए गए विभिन्न मुद्दों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छता और महात्मा गांधी के विचारों से जुड़े संदेश पर बात की। स्वच्छता को सफल बनाने के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
अनिल विज ने कहा कि कार्यक्रम में नशा मुक्त युवा अभियान, लोकल फॉर वोकल और पोषण माह जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। उन्होंने आंवला उत्पादन और इसे स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार व व्यवसाय बढ़ाने की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए हर महीने देश के अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे अच्छे कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचती है, जिससे समाज को नए प्रयासों के लिए प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर क्लब के चेयरमैन अरुण गुप्ता, पूर्व चेयरमैन संजीव वालिया, कपिल विज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


