हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है, जिससे लोगों का सरकार पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई जनकल्याणकारी योजनाएं और नीतियां लागू की हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई गई है। आज युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना खर्ची और बिना पर्ची सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। इससे प्रदेश के युवाओं का सरकार पर भरोसा बढ़ा है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की नई मिसाल कायम हुई है।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरलता, सहज व्यवहार और कार्य करने की शैली की चर्चा अब हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश में हो रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के नेता और मुख्यमंत्री भी उनकी कार्यशैली, विनम्र स्वभाव और आम लोगों से जुड़े रहने के तरीके की सराहना करते हैं। कई लोग उनके व्यवहार और जनसंपर्क शैली से प्रेरणा लेकर उसे अपनाने का प्रयास भी कर रहे हैं।
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में भी सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास और लोगों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।


