हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने चंडीगढ़ स्थित लोक भवन में डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को महान वैज्ञानिक, दूरदर्शी राष्ट्रनायक और सादगी, विनम्रता एवं ज्ञान की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने अपने अद्वितीय योगदान से भारत के रक्षा और अंतरिक्ष कार्यक्रमों को नई दिशा और ऊंचाई प्रदान की।

प्रो. घोष ने कहा कि देश की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति को मजबूत बनाने में डॉ. कलाम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। रक्षा अनुसंधान और मिसाइल विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के कारण उन्हें पूरे देश में “मिसाइल मैन ऑफ इंडिया” के नाम से सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। उनकी सोच हमेशा आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में केंद्रित रही। उन्होंने विज्ञान और तकनीक को देश के विकास का आधार मानते हुए युवाओं को नवाचार और शोध के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने कहा कि डॉ. कलाम का सरल जीवन, उच्च आदर्श और कठिन परिश्रम के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने करोड़ों युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने का संदेश दिया।

प्रो. घोष ने कहा कि डॉ. कलाम का व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों को हमेशा राष्ट्र निर्माण, ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Related Posts