हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (एचओए) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) रविवार को सेक्टर-3 स्थित ओलंपिक भवन में अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महासचिव एवं हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार सहित विभिन्न राज्य खेल संघों, जिला ओलंपिक संघों, सरकारी विभागों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ हुई। इसके बाद दिवंगत खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।

27वें हरियाणा राज्य खेलों की सफलता पर संतोष

बैठक में 27वें हरियाणा राज्य खेलों के पहले चरण की विस्तृत समीक्षा की गई। सदस्यों ने खिलाड़ियों की रिकॉर्ड भागीदारी, प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन, मेरिट प्रमाण-पत्रों के वितरण और हरियाणा राज्य खेलों को खेल ग्रेडेशन नीति में शामिल किए जाने का स्वागत किया। आयोजन में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, तकनीकी अधिकारियों, स्वयंसेवकों और विभिन्न विभागों के योगदान की सराहना की गई।

28वें राज्य खेलों की तैयारियों पर चर्चा

सदन ने 28वें हरियाणा राज्य खेलों के आयोजन की प्रारंभिक रूपरेखा पर विचार किया। प्रस्तावित खेलों, संभावित आयोजन स्थलों, प्रतियोगिता कैलेंडर, संचालन व्यवस्था और बजट को लेकर चर्चा हुई। कार्यकारिणी को तैयारियां शुरू करने और आवश्यक निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया।

चयन प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी

बैठक में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय खेलों के लिए खिलाड़ियों के चयन को अधिक पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया। इसके तहत चयन ट्रायल, कोचिंग कैंप और प्रशिक्षण शिविरों के लिए मानक दिशानिर्देशों को मंजूरी दी गई। यह भी तय किया गया कि खिलाड़ियों के दस्तावेज पंजीकरण के समय सत्यापित किए जाएंगे और चयन ट्रायल प्रतियोगिताओं से 20 से 25 दिन पहले आयोजित किए जाएंगे।

नई समितियों का होगा गठन

खेल प्रशासन को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए एथलीट आयोग, महिला खेल आयोग, एथिक्स आयोग, मेडिकल एवं स्पोर्ट्स साइंस आयोग, वित्त समिति, विपणन समिति और विधिक मामलों की समिति सहित कई नई समितियों और आयोगों के गठन का निर्णय लिया गया।

आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च

बैठक के दौरान महासचिव कृष्ण लाल पंवार ने हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट खिलाड़ियों, खेल संघों और आम नागरिकों के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म होगी, जहां प्रतियोगिताओं, अधिसूचनाओं और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से उपलब्ध होंगी।

खिलाड़ियों के हित सर्वोपरि

बैठक के अंत में अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल और महासचिव कृष्ण लाल पंवार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन खिलाड़ियों के हितों की रक्षा, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और हरियाणा को देश का अग्रणी खेल राज्य बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Related Posts