रिलायंस जियो ने छात्रों और शिक्षण संस्थानों के लिए जियोपीसी सेवा शुरू की है। इसकी मदद से नया कंप्यूटर खरीदे बिना मौजूदा लैपटॉप, डेस्कटॉप या मॉनिटर पर क्लाउड के जरिए कंप्यूटर की सुविधाएं इस्तेमाल की जा सकेंगी। इससे ऑनलाइन पढ़ाई, कोडिंग, डिजाइन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े काम किए जा सकते हैं।
इस सेवा का लाभ लेने के लिए जियो का मोबाइल या ब्रॉडबैंड कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। दूसरे इंटरनेट कनेक्शन वाले लोग भी सब्सक्रिप्शन लेकर ब्राउजर के जरिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। जियो सेट-टॉप बॉक्स के जरिए टीवी से जुड़े मॉनिटर पर भी कंप्यूटर की सुविधा ली जा सकती है।
क्या है जियोपीसी की कीमत?
कंपनी के अनुसार, 8 जीबी रैम और 500 जीबी स्टोरेज वाले प्लान की कीमत दो महीने के लिए 1,000 रुपये, पांच महीने के लिए 2,000 रुपये और 10+2 महीने के लिए 4,000 रुपये है। वहीं, 16 जीबी रैम और 1 टीबी स्टोरेज वाले अल्ट्रा प्लान की कीमत क्रमशः 1,200, 2,500 और 5,000 रुपये है।
जियोपीसी में उबंटू ऑपरेटिंग सिस्टम, लिब्रेऑफिस और वेब ब्राउजर जैसी सुविधाएं मिलती हैं। कंपनी के मुताबिक, यूजर का डेटा क्लाउड में सुरक्षित रहता है। इस सेवा से स्कूलों और कॉलेजों को कंप्यूटर लैब पर होने वाला खर्च घटाने में भी मदद मिल सकती है।


