Mohali में आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ भाजपा ने बुधवार को मोहाली में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित भ्रष्टाचार के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से घड़ा फोड़ा और पंजाब सरकार का पुतला फूंका।
प्रदर्शन का नेतृत्व पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के कथित भ्रष्टाचार का घड़ा अब भर चुका है और प्रदेश की जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
‘जनता की अदालत में जवाब देना होगा’
केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार पिछले साढ़े चार साल से खुद को ईमानदार और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बताती रही है। उन्होंने कहा कि अब सरकार पर भ्रष्टाचार और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग से जुड़े सवाल लगातार उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता पूरे मामले को देख रही है और उचित समय पर इसका जवाब देगी। ढिल्लों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने पंजाब को विकास के बजाय बर्बादी की ओर धकेला है।
ईडी और सीबीआई जांच को लेकर भी उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार से जुड़े कुछ मामलों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब पुलिस को कई बार पत्र लिखे, लेकिन राज्य सरकार ने कथित तौर पर इन मामलों में उचित कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने दावा किया कि मामला बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक पहुंचा और अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई मामले की जांच कर रही है। ढिल्लों ने आरोप लगाया कि इसी वजह से आम आदमी पार्टी सरकार दबाव में है।
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हुए शामिल
मोहाली में हुए प्रदर्शन के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल, जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट, अनुज खोसला, गुरदर्शन सिंह सैनी, एनके वर्मा, संजीव खन्ना और सुखविंदर सिंह गोल्डी सहित कई नेता शामिल थे।
भाजपा नेताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।


