हरियाणा सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में रंगे हाथों पकड़े गए अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर अहम निर्देश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने विभागों को निर्देश दिए हैं कि राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा ट्रैप मामलों में पकड़े गए और जमानत पर रिहा कर्मचारियों को उसी पद और स्टेशन पर तैनात न रखा जाए।

सतर्कता विभाग के पत्र के अनुसार, ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला उनके मौजूदा कार्यक्षेत्र से दूर किसी दूसरे स्टेशन पर किया जाएगा। जहां तक संभव हो, उन्हें आसपास के सीमावर्ती जिलों से भी बाहर तैनात किया जाएगा। जिला कैडर के कर्मचारियों को उसी जिले के किसी दूसरे दूरस्थ स्टेशन पर भेजा जाएगा।

सरकार का मानना है कि ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारी के उसी जगह तैनात रहने से शिकायतकर्ता और गवाहों पर दबाव डालने या उन्हें प्रभावित करने की आशंका बनी रहती है। इससे मामले की सुनवाई पर असर पड़ सकता है।

सरकार के इस कदम का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं और गवाहों को किसी अनुचित प्रभाव से बचाना तथा न्यायिक प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने में मदद करना है।

Related Posts