गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में हरियाणा की फिल्म नीति और शूटिंग सुविधाओं को लेकर फिल्म जगत के लोगों में रुचि देखने को मिल रही है। वेव्स फिल्म बाजार में लगाए गए हरियाणा पवेलियन में दूसरे दिन भी देश-विदेश के फिल्म निर्माता, निर्देशक और प्रोडक्शन हाउस के प्रतिनिधि पहुंचे। उन्होंने प्रदेश में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली।

हरियाणा सरकार की ओर से लगाए गए इस पवेलियन में प्रदेश की संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और अलग-अलग तरह की शूटिंग लोकेशन को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके साथ ही हरियाणा फिल्म एवं मनोरंजन नीति-2022 की जानकारी भी दी जा रही है।

पवेलियन में आने वाले प्रतिनिधियों को बताया जा रहा है कि हरियाणा में फिल्म की शूटिंग के लिए अनुमति कैसे मिलेगी, कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं और सरकार फिल्म निर्माताओं को किस तरह के प्रोत्साहन देती है।

सरकार का उद्देश्य हरियाणा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा शूटिंग स्थल बनाना है। इसके लिए फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के साथ संपर्क बढ़ाया जा रहा है।

इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts