हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेह बनाने और सरकारी काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री के सामने कुल 15 शिकायतें रखी गईं। इनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
विकास कार्यों में गड़बड़ी और लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। साथ ही ठेकेदार से हुए नुकसान की भरपाई करवाने, पेनल्टी लगाने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
मामले में अधिकारियों की मिलीभगत और लापरवाही पाए जाने पर एक कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन), एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और एक एमई को निलंबित करने के आदेश दिए गए। वहीं, डीएमसी का एक महीने का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी विकास कार्यों में लापरवाही, भ्रष्टाचार और जिम्मेदारी से बचने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


