हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में मोहन लाल बडौली को हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के नवनियुक्त चेयरमैन के रूप में पदभार ग्रहण कराया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मोहन लाल बडौली को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री बडौली अपने अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकुशलता के दम पर हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ब्यूरो जनहित से जुड़े कार्यों को गति देगा और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक उपक्रमों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे में श्री बडौली की नई जिम्मेदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यभार ग्रहण समारोह में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, डॉ. अरविन्द कुमार शर्मा, श्याम सिंह राणा, विधायक कृष्णा गहलावत, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मोहन लाल बडौली की नियुक्ति को हरियाणा सरकार द्वारा सार्वजनिक उपक्रमों के बेहतर प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


