हरियाणा सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत उच्च शिक्षा में छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि अब NCC, NSS, खेल एवं योग, सांस्कृतिक गतिविधियों, युवा रेड क्रॉस, इनक्यूबेशन और आउटरीच जैसी गतिविधियों को स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में अकादमिक मान्यता दी जाएगी।

यह व्यवस्था राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, स्ववित्तपोषित और निजी कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों पर लागू होगी। इन गतिविधियों को छात्रों के पाठ्यक्रम और क्रेडिट सिस्टम से जोड़ा जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के विकास के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। खेल, योग, सामाजिक गतिविधियां और अन्य पाठ्येतर कार्यक्रम छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और जिम्मेदारी की भावना बढ़ाने में मदद करते हैं।

उन्होंने कहा कि NEP का उद्देश्य छात्रों को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और बहुमुखी प्रतिभा वाले नागरिक बनाना है।

उच्च शिक्षा विभाग ने इस योजना के लागू करने के लिए सभी संस्थानों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनक्यूबेशन और आउटरीच गतिविधियों के जरिए छात्रों में नवाचार और उद्यमिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

Related Posts