हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि आम लोगों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए सरकारी नीतियों में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचाना है। मुख्यमंत्री रविवार को सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 का मौके पर समाधान किया गया, जबकि दो को अगली बैठक तक लंबित रखा गया। विकास कार्यों में लापरवाही के मामले में एक ठेकेदार पर एफआईआर, नुकसान की भरपाई और ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। वहीं, तीन अधिकारियों को निलंबित करने और डीएमसी का एक महीने का वेतन काटने के आदेश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नशा तस्करों की 90 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। नशे के खिलाफ मानस पोर्टल और विशेष टास्क फोर्स के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है।

भर्तियों पर उन्होंने कहा कि करीब 5,600 पुलिस पदों की भर्ती अंतिम चरण में है। दिसंबर के अंत तक परिणाम जारी करने का लक्ष्य है। इसके बाद नई सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा।

इसके अलावा शहरी स्वामित्व योजना-2.0 का पोर्टल एक महीने के लिए दोबारा खोला जाएगा, ताकि पात्र दुकानदार मालिकाना हक के लिए आवेदन कर सकें।

Related Posts