हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए 25 एकड़ में विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। यह सेंटर आधुनिक तकनीक, बेहतर सुविधाओं और नई इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण होगा।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर दौरे के दौरान सनटेक सिटी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद आधुनिक कन्वेंशन और इवेंट सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से देश और दुनिया के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल हो रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर में बड़े स्तर के सम्मेलन, प्रदर्शनियां, व्यापारिक कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय आयोजन किए जा सकेंगे। इसमें आधुनिक ऑडिटोरियम, मीटिंग हॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में बनने वाला यह केंद्र हरियाणा में निवेश, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगा। इससे प्रदेश को देश-विदेश के बड़े आयोजनों के लिए बेहतर मंच मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।


