हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर के मंडाई वाइल्डलाइफ रिजर्व का दौरा किया। उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम और नूंह के अरावली क्षेत्र में प्रस्तावित जंगल सफारी के लिए वहां की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को समझा।

मुख्यमंत्री ने मंडाई में वन्यजीव प्रबंधन, पर्यटन सुविधाओं और संरक्षण से जुड़े कामों का अवलोकन किया। मंडाई वाइल्डलाइफ रिजर्व में सिंगापुर जू, नाइट सफारी और रिवर वंडर्स जैसे प्रमुख आकर्षण शामिल हैं।

हरियाणा सरकार गुरुग्राम और नूंह के अरावली क्षेत्र में करीब 10 हजार एकड़ में जंगल सफारी विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। सरकार का कहना है कि इससे राज्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

सिंगापुर में किए गए इस अध्ययन से हरियाणा की प्रस्तावित जंगल सफारी को आधुनिक और बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित करने में मदद मिल सकती है। दौरे के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Posts