पंजाब सरकार ने ‘बिल लाओ इनाम पाओ’ यानी ‘मेरा बिल योजना’ को एक और साल के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि योजना के तहत अब तक 9.40 करोड़ रुपये की जुर्माना मांगें तय की गई हैं, जिसमें से 7.31 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि योजना के जरिए 135 नए डीलरों को टैक्स नेटवर्क में जोड़ा गया है। वित्त वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान 4,058 लकी ड्रॉ कराए गए। जांच के बाद 3,548 विजेताओं को कुल 2.30 करोड़ रुपये से अधिक की इनामी राशि दी गई।
चीमा ने कहा कि योजना का उद्देश्य लोगों को खरीदारी का सही बिल लेने के लिए प्रोत्साहित करना और टैक्स चोरी पर रोक लगाना है। उन्होंने बताया कि 1 मार्च से 31 अगस्त 2026 के बीच जांच में 33.06 लाख रुपये की एक बड़ी टैक्स देनदारी भी सामने आई। विभाग को इसकी वसूली जल्द करने के निर्देश दिए गए हैं।
वित्त मंत्री ने लोगों से हर खरीद पर पक्का बिल लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की जागरूकता से टैक्स चोरी रोकने और राज्य का राजस्व बढ़ाने में मदद मिलेगी।


