सरदूलगढ़ में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब सरकार की योजनाओं और अब तक किए गए कामों को लेकर लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को दी जा रही आर्थिक मदद को आगे भी जारी रखेगी। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर इस योजना का विरोध करने का आरोप भी लगाया।
मान ने कहा कि पंजाब के हर घर को मुफ्त बिजली और किसानों को दिन के समय बिजली देने की व्यवस्था सरकार जारी रखेगी। उन्होंने सरकारी नौकरियों में भर्ती को लेकर कहा कि युवाओं को बिना पैसे और सिफारिश के योग्यता के आधार पर नौकरी देने की नीति आगे भी जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में किए गए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार का असर अब गांवों के बच्चों पर भी दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, बेहतर सुविधाएं मिलने से पंजाब के गांवों से खिलाड़ी निकल रहे हैं और देश के लिए पदक जीत रहे हैं।
मान ने दावा किया कि उनकी सरकार ने जनता से किए वादों से आगे बढ़कर कई क्षेत्रों में काम किया है। उन्होंने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा पर पंजाब के विकास को लेकर स्पष्ट नीति नहीं होने का आरोप लगाया।


