एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का सोमवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को फूल मालाएं पहनाकर उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
मंत्री ने बताया कि भारतीय दल ने 85 पदक जीते, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का 32 पदकों के साथ अहम योगदान रहा। इनमें 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन ने प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
गौरव गौतम ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके अनुभव और आगे की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता में उनके माता-पिता, कोच और खेल संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, डाइट, कोचिंग और खेल सुविधाएं देने के लिए काम कर रही है।
खेल मंत्री ने कहा कि गांवों और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका कहना है कि सही सुविधाएं और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों से और खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे आ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। खिलाड़ियों की सफलता युवाओं को खेलों से जुड़ने और मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करेगी।


